लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण
डोंगरा खुर्द/अर्जुन खिरिया। बिरधा सब स्टेशन से जुड़े नाराहट क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लो वोल्टेज की समस्या आ रही है, जिससे ग्रामीणों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी का तापमान दिनोंदिन बढ़ रहा है, लेकिन बिजली की समस्या होती जा रही है। नाराहट क्षेत्र के डोंगरा खुर्द, पटना, दिगवार बरेजा, तरावली, अर्जुन खिरिया आदि आसपास के गांवों में लो वोल्टेज की समस्या है तथा बिजली पर्याप्त नहीं मिल रही है। इन दिनों मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे रात में लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। दुकानदारों को भी लो वोल्टेज से जूझना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों के पास समस्या की शिकायत करने पर ठीक करने का आश्वासन तो मिलता है, लेकिन सुधार नहीं हो रहा है। जनहित में बिजली दुरुस्त करने की मांग की गई।