खुरा माइनर से टेल तक पानी पहुंचाने की मांग
ललितपुर। ग्राम दैलवारा व भीमपुरा के किसानों ने डीएम को ज्ञापन देकर खुरा माइनर से नहर की टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव की सिंचाई जाखलौन पंप केनाल की बड़ी नहर, जो खुरा माइनर होकर जाती है, उससे होती है। सिंचाई विभाग द्वारा माइनर की मरम्मत गिट्टी व सीमेंट से कराई गई थी। इस कारण एक महीना बाद पानी पहुंचा तो फसलों की बुवाई की गई थी। ऐसी स्थिति में अभी किसानों की फसलें कच्ची स्थिति में खड़ी हुई है और फसलों के लिए खेतों में अभी सिंचाई की आवश्यकता है। जाखलौन पंप केनाल की नहर तो चालू है, लेकिन पूरा पानी राखपंचमपुर की ओर भेजा जा रहा है। इस कारण किसानों ने खुरा माइनर को खुलवाकर टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की है। ज्ञापन पर जगभान, परमाल सिंह, भगवानदास, हरनारायण अहिरवार, प्यारेलाल अहिरवार, प्रतापनारायण, वीरेंद्र, सोबरन, किशनलाल, रामप्रसाद, हरीकिशन, किशन, शीतल आदि के हस्ताक्षर हैं।