परिजन ने शराब में जहर पिलाने का लगाया आरोप
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदपुरा का मामला
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली की एलआरपी चौकी ग्राम चंदपुरा में 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन ने गांव के ही तीन लोगों पर शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है।
चंदपुरा गांव निवासी रमेश चंद्र वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 12 सितंबर 2022 को अपराह्न दो बजे उनके पुत्र अमित कुमार (29) से मिलने के लिए गांव के ही तीन लोग आए। घर पर अमित नहीं था तो रमेश ने आने का कारण पूछा, तो विपक्षी ने कहा कि जब अमित आएगा तब पता चलेगा। इस पर रमेश ने फोन कर अमित को घर बुलाया। इसके बाद विपक्षी से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद होने लगा। तब विपक्षी ने ब्याज सहित रुपये मांगे और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। थोड़ी देर बाद अमित लखीमपुर आया। आरोप है कि विपक्षियों ने अमित को शराब में जहरीला पदार्थ खिलाकर उसे घर छोड़ गए। अस्पताल ले जाते समय अमित ने रास्ते में दम तोड़ दिया। निरीक्षक अपराध संजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी