लखीमपुर खीरी के पलिया कलां इलाके के अतरिया गांव निवासी एक युवक ने पुलिस पर घर से पकड़कर कोतवाली लाकर पीटने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत में युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
अतरिया बड़ा गांव निवासी निशा पत्नी ताहिर ने बताया कि बीती रात कुछ पुलिस वाले उसके घर पर आए और उसके बेटे को जबरन उठा ले गए, जब वह अपने बेटे से मिलने पलिया थाने पहुंची तो वहां पर पता चला कि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल है। जिसके बाद उसको अस्पताल ले जाया गया जहां पर बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है।
मां निशा का कहना है कि पुलिस ने रात में 12 बजे उसके बेटे को उठाया और लगातार उसको प्रताड़ित किया, दो सिपाहियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर महिला ने रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। इस मामले में कोतवाल पीके मिश्रा का कहना है कि कोई भी गलत कार्रवाई नहीं की गई है युवक की तबीयत खराब हो गई थी जिसके बाद उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया था।