फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri: पुरानी रंजिश में सरेराह युवक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवारों ने दिया वारदात का अंजाम

Tue, 07 Nov 2023 10:01 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी

सार

मितौली कस्बे में सोमवार को दिनदहाड़े युवक की हत्या कर दी गई। बाइक सवारों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें दोनों हमलावर बाइक पर बैठकर भागते दिख रहे हैं।
 
विज्ञापन
मौके पर जमा भीड़ व पुलिस
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश में बाइक सवार हमलावरों ने सोमवार को नवीन तहसील भवन के पास दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और असलहा लहराते हुए भाग गए। मृतक के पिता ने चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी ने खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

विज्ञापन


मितौली के गांव अंबेडकरनगर (चबेनहा) का मूल निवासी उदन (30) कस्बे में नवीन तहसील भवन के पास रहता था। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे वह कचियानी पुरवा चौराहे से बाल कटवाकर घर लौट रहा था। इसी समय पीछे से आए बाइक सवार दो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ कई फायर कर दिए। उदन की मौके पर ही मौत हो गई। 

पुलिस को दी तहरीर में मृतक के पिता तौले ने अंबेडकरनगर गांव के ही कमलेश और प्रधान पुत्र गजोधर पर हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही सेठ पुत्र गजोधर व राजीव बनिया निवासी डहर पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कमलेश, प्रधान, सेठ निवासी अंबेडकरनगर व राजीव बनिया निवासी डहर के खिलाफ हत्या व आपराधिक षडयंत्र की धाराओं में केस दर्ज किया है।
विज्ञापन


एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के जल्द खुलासे के लिए सीओ मितौली को निर्देश दिए गए हैं।

सीसीटीवी में कैद हुई हत्या की घटना
हत्या की घटना पास के ही मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कैमरों की फुटेज में बाइक सवार दो युवक आते हुए दिखाई दे रहे हैं। पहली गोली लगते ही उदन गिरता दिख रहा है। बाद में बाइक सवार बाइक खड़ी कर उस पर फायरिंग करते हैं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाइक पर बैठकर भागते दिखते हैं।

परेशान होकर चार साल पहले छोड़ा था गांव
उदन की हत्या में नामजद आरोपियों के बीच रंजिश करीब 10 वर्ष पहले पनपी थी। बटाई पर लिए खेत में उदन के तालाब का पानी आने से फसल खराब होने पर आरोपियों ने उदन के साथ मारपीट की थी। इसके बाद आए दिन दोनों पक्षों में किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। 

परेशान होकर उदन परिवार सहित कस्ता ईंट भट्ठे पर काम करने लगा और वहीं रहने लगा। ईंट भट्ठे पर भी हमलावरों व मृतक के बीच पैसों को लेकर मारपीट हुई जिसमें आरोपियों ने उदन के खिलाफ थाने में रिपोर्ट लिखवाई थी। परेशान होकर वर्ष 2019 में उदन मितौली भाग आया। तभी से नवीन तहसील के पास मकान बनाकर रहता था। 
विज्ञापन

पुलिस ने दिया होता ध्यान, तो बच सकती थी जान
उदन के परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस ने पहले कार्रवाई की होती तो शायद उदन की जान बच जाती। उदन की पत्नी मैना देवी और पिता तौले ने पुलिस को कई प्रार्थना पत्र दिए। वह सभी कई वर्षों से प्रार्थना पत्र लेकर भटक रहे थे लेकिन पुलिस ने किसी भी प्रार्थना पत्र पर प्रभावी कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, खोखा बरामद
घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को उदन के शव के पास से एक खोखा कारतूस भी मिला है। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई। घटना के कारणों की बारीकी से जानकारी ली जा रही है। हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें