घटनास्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस। संवाद
धौरहरा। मोहल्ला बारिनटोला निवासी इसराइल (36)पुत्र इस्माइल की शनिवार को गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक का शव सरोजनी मोहल्ले के आम के बाग में पड़ा मिला। हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। हत्या की वजह पत्नी का प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। घटना के बाद कई थानों की पुलिस मोहल्ले में तैनात की गई है।
शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे मोहल्ला सरोजनी नगर में रामभरोसे मिश्र के आम के बाग में शव मिलने के बाद भीड़ इकट्ठी हो गई। परिजन और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के बयान लिए। परिजनों ने बताया कि इसराइल शुक्रवार की शाम घर से लापता हो गया था। उसकी तलाश की जा रही थी। मृतक के भाई जुबराइल और परिजनों ने आरोप लगाया कि मोहल्ला सरोजनी नगर निवासी इरबान पुत्र शमसुद्दीन का मृतक के घर आना-जाना था।
आरोप है कि इरबान का इसराइल की पत्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस बात की जानकारी मृतक को भी थी। भाई की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी और आरोपी इरबान को हिरासत में लिया है। जबकि, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर मृतक की पत्नी और आरोपी युवक का हिरासत में लिया गया है। जांच की जा रही है।
प्रीतम पाल सिंह, सीओ
घटनास्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस। संवाद