वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट स्रोत: सोशल मीडिया
लखीमपुर खीरी। भंसड़िया स्थित कांशीराम कॉलोनी में रहने वाला एक युवक मंगलवार रात चलते-चलते सड़क पर गिर गया। युवक के गिरते ही पीछे से आ रही कार ने उसे रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
बहनोई रंजीत ने बताया कि उनका साला सुमित (22) सदर बाजार में दुकान पर काम करता था। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे वह दुकान से पैदल घर जा रहा था। हीरालाल धर्मशाला चौराहे के समीप ओवरब्रिज के नीचे वह अचानक गिर गया। इसी समय पीछे से आई एक कार ने उसे रौंद दिया। हादसा होने के बाद चालक कार लेकर भाग गया। पता चलते ही आसपास के लोग और पुलिस की मदद से फौरन सुमित को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सदर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सड़क पर गिरने की वजह क्या रही, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आएगा।