महेवागंज। सोमवार की देर शाम धौरहरा क्षेत्र में शारदा नगर स्थित पोषक नहर में एक प्रेमी युगल के नहर में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस और स्थानीय गोताखोर तलाश में जुटे है। 21 साल का प्रेमी शहर के मोहल्ला बरखेरवा और प्रेमिका गढ़ी रोड की रहने वाली है। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल और दोनों की चप्पल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक घटना शाम सवा पांच बजे की है। बताते हैं कि युवक का बड़ा भाई भी साथ था। इससे पहले दोनों लिलौटी मंदिर दर्शन करने गए। इस बीच फोन से बात होने पर दोनों भाई शारदा नगर पहुच गए। युवती शारदा बैराज पर इंतजार करती मिली। मुलाकात के बीच प्रेमी युगल में कहासुनी हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो युवती ने पोषक नहर में गेट नंबर नौ के सामने छलांग लगा दी। युवती को बचाने के लिए पीछे से युवक भी नहर में कूद गया। फिलहाल दोनों लापता है। रात अंधेरा होने से तलाशी अभियान में दिक्कत के चलते पुलिस और गोताखोर ने तलाश अभियान सुबह होने के इंतजार में रोक दिया। धौरहरा पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना परिजन को दी गई है।
अंधेरा होने से तलाशी अभियान में दिक्कत होती है। मंगलवार फिर तलाशी अभियान चलाया जाएगा।