लखीमपुर खीरी। अगर आपका वोट बन गया है और अभी तक मतदाता पहचानपत्र नहीं मिल पाया है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। मतदान से कोई वंचित न रहे जाए, इसके लिए निर्वाचन आयोग ने 12 प्रकार के फोटो पहचानपत्रों का विकल्प दिया है। मतदाता 12 प्रकार के पहचानपत्र दिखाकर वोट डाल सकते हैं।
इसमें आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंकों एवं डाकघरों से जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और एनपीआर के तहत आरजीआई से जारी किए स्मार्ट कार्ड शामिल हैं। इनके अलावा फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र, राज्य सरकार, लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों से अपने कर्मचारियों को फोटो युक्त सेवा पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों को जारी किए सरकारी पहचानपत्र और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड को भी विकल्प के तौर पर प्रयोग किया जा सकता है।