संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। शारीरिक रूप से बच्चों को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए आगामी योग दिवस के दिन परिषदीय स्कूलों के बच्चे भी प्रतिभाग करेंगे। इसको लेकर शासन की तरफ आदेश आने के बाद विभागीय अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
21 जून को पूरे जिले में योग दिवस मनाया जाएगा। इस बार परिषदीय स्कूलों के बच्चों को भी इसमें प्रतिभाग कराने की तैयारी की जा रही है। शासन की तरफ से आए आदेश के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। आदेश के तहत आगामी बीस तारीख को स्कूल खोले जाएंगे, जिसके बाद स्कूलों की साफ सफाई कराई जाएगी। 21 को अध्ययनरत बच्चों को बुलाकर योगाभ्यास कराया जाएगा।
अध्यापक बच्चों को प्राणायाम, सूर्यनमस्कार, ध्यान और आसन आदि योग के बारे में बताएंगे। इसके बाद बच्चों के बीच योग विषय पर पोस्टर, निबंध, क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाना है। इन प्रतियोगिताओं में कक्षा छह से लेकर आठ तक के बच्चे शामिल होंगे। जानकारी देते हुए बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि आदेश मिलने के बाद तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
अब 27 को खुलेंगे परिषदीय विद्यालय
बीस मई को ग्रीष्मावकाश के चलते स्कूलों को बंद कर दिया गया था। विद्यालय 15 जून को खोले जाने थे, लेकिन मौजूदा समय में पड़ रही गर्मी को देखते हुए अवकाश बढ़ा दिया गया है। विद्यालय अब 27 को खोले जाएंगे।