लखीमपुर खीरी। उन्नाव से स्थानांतरित होकर लखीमपुर आए निरीक्षक को निजी गाड़ी पर ठाकुर साहब लिखवाना महंगा पड़ गया। कार की फोटो वायरल हुई तो यातायात पुलिस ने 3500 रुपये का चालान किया है। दूसरों को नियमों का पाठ पढ़ाने वाले साहब ही गाड़ी पर जातिसूचक शब्द लिखकर चल रहे थे।
वाहन पर पदनाम, जातिसूचक शब्द, गलत नंबर प्लेट का प्रयोग व नंबर प्लेट पर कोई स्टीकर लगाने पर रोक है। वाहनों पर लिखे इन शब्दों और स्टीकर के खिलाफ पुलिस और यातायात पुलिस अभियान भी चला रही है। बीते एक माह में 100 से अधिक वाहनों का चालान भी नियमों के उल्लंघन में किया जा चुका है।
इसी बीच उन्नाव से स्थानांतरित होकर आए निरीक्षक अंगद सिंह की ठाकुर साहब लिखी निजी कार का फोटो वायरल हो गया। फोटो वायरल होने पर यातायात पुलिस हरकत में आई और निरीक्षक की कार का 3500 रुपये का चालान काट दिया। यातायात निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि दो- तीन दिन पहले कार पर ठाकुर साहब लिखे होने का मामला सामने आया था। कार का चालान किया गया है। वाहन पर पदनाम, जाति और संप्रदाय सूचक शब्द लिखना गलत है। अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जा रही है।