बेलहा सिकटिहा के नजदीक पहुंची नदी
तहसील गोला की ग्राम पंचायत बेलहा सिकटिहा में हो रहे कटान पर अभी तक प्रशासन की नजर नहीं पड़ी है। शारदा नदी का जलस्तर घटने से कटान तेज हुआ है। शुक्रवार से शनिवार शाम 5:00 बजे तक शारदा नदी कटान करती हुई पांच से सात मीटर तक गांव की ओर बढ़ी है।
बाढ़ खंड या सिंचाई विभाग की तरफ से कटान रोकने के अभी तक कोई उपाय नहीं किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, बाढ़ खंड की तरफ से एक ड्रेजिंग परियोजना काफी समय से मंजूर पड़ी है। वन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र न मिलने से परियोजना पर कार्य नहीं हो पा रहा है।
ये भी पढ़ें- शीशगढ़ बवाल: साजिश समझने में नाकाम रहे पुलिस और प्रशासन के अफसर, एलआईयू भी फेल; चार एफआईआर, 30 आरोपी गिरफ्तार
ग्राम प्रधान नेपाली राम ने बताया कि बेलहा सिकटिहा में मैकू, मिश्री, घनई, राम प्रसाद, अवधेश, आसाराम, छत्रपाल, नेपाली, रामरती, बालकराम, सर्वेश, रामासरे, तरुण कुमार, गेंदा, गजेंद्र, शत्रोहन, धनीराम, रामपाल, केशव, राम कुमारी, रामकुमार, अवधेश, अशोक कुमार, महदेई की जमीन काटकर शारदा नदी में समा गई हैं।
एसडीएम रत्नाकर मिश्रा ने बताया कि बेलहा सिकटिहा में हो रहे कटान को देखते हुए बचाव कार्य के लिए बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को सूचित किया गया है। बेलहासिकटिहा में अत्यधिक जलभराव होने और कोई रास्ता ना होने के कारण कटान से बचाव के लिए कोई भी संसाधन वहां पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। बेलहासिकटिहा पर चौबीसों घंटे निगाह रखी जा रही है।
मोहाना नदी में फंसे गांव वालों को निकाला
तिकुनिया क्षेत्र में शुक्रवार को सूरतनगर के मजरा गांव चौगुर्जी के आठ लोग छोटी नाव से तिकुनियां आए थे। यहां की साप्ताहिक बाजार व अन्य कार्य निबटा कर वापस जा रहे थे कि शाम करीब चार बजे इनकी नाव बीच नदी में हिचकोले लेने लगी। नाव में रखा सारा सामान पानी में बह गया। नाव में सवार आठ लोगों ने तैरकर नदी के बीच में बने एक टापू पर शरण ली।
सूचना पर तहसीलदार भीमचंद, नायब तहसीलदार हरेराम, प्रधान प्रतिनिधि विजय शंकर ने पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और पंचायत की दो नावों को बुलाकर सभी लोगों को देर रात सकुशल निकाल लिया। एसडीएम निघासन राजेश कुमार ने बताया कि नाव पर टीले की मिट्टी गिरने से नाव में पानी भरने लगा तो ग्रामीणों ने तैरकर पास के टीले पर शरण ली। मौके पर बड़ी नाव भिजवाकर ग्रामीणों को सकुशल निकाला गया है।