बांकेगंज। बांकेगंज पुलिस चौकी अंतर्गत ग्रंट नंबर पंचायत के मोतीपुर गांव की एक महिला लापता हो गई है। उसकी चप्पल छोटी नहर किनारे मिली हैं। जिससे महिला के नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है। उसके जेठ ने मैलानी थाना में महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
ग्रंट नंबर 11 पंचायत के मोतीपुर गांव निवासी अनुज की 35 वर्षीय पत्नी संजीवनी मंगलवार शाम अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश करने पर महिला की चप्पल गांव से सटी सीतापुर ब्रांच छोटी नहर किनारे पड़ी मिली। इससे महिला के नहर में डूबने की आशंका जताई जा रही है। महिला का पति अनुज उत्तराखंड हरिद्वार में मजदूरी करता है। इस समय वह वहीं पर है। महिला के जेठ मनोज ने थाना मैलानी में महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई है। महिला की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के जरिये नहर के पानी में महिला की काफी तलाश कराई गई ,लेकिन उसका अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। संवाद