लखीमपुर खीरी में नीमगांव निवासी विवाहिता सोनम ने अपने पति व सास-ससुर समेत नौ आरोपियों के खिलाफ पीटने और तीन तलाक का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और गर्भपात की दवा भी खिला दी।
महिला थाने में दर्ज कराए मुकदमे में सोनम ने बताया कि 29 अक्टूबर 2022 को उसका निकाह संसारपुर-मैलानी निवासी हासिम के साथ हुआ था। निकाह में उसके परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार खर्च किया। कुछ समय बाद से ही ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। मना करने पर मारते-पीटते थे। 25 अगस्त को ससुरालियों ने उसे मारा पीटा और पति ने तीन तलाक दे दिया।
आरोप है कि ननद निजहत ने उसे गर्भपात की कोई दवा खिला दी थी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति हासिम, ससुर इदरीश, सास खातून, जेठ गुफरान व रिजवान, जेठानी हिना बानो, देवर नाजिम, ननद निजहत व चाचा ससुर मो. उमर पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।