महिला की मौत पर अपताल के बाहर उमड़ी भीड़
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। शहर के गढ़ी रोड पर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में शुक्रवार को सुबह प्रसव के लिए भर्ती कराई गई एक महिला की इंजेक्शन लगाए जाने के बाद हो गई। गुस्साए परिजन ने नर्सिंग होम में हंगामा करते हुए डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। मामले की सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह मौके पर पहुंचे। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने महिला डॉक्टर समेत चार आरोपियों के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवालापुरवा निवासी शब्बो पत्नी रियाज अली को शुक्रवार की सुबह गढ़ी रोड स्थित मैक्सकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज शुरू होने के बाद एक डॉक्टर ने शब्बो को इंजेक्शन लगाया। इसके बाद उसकी तबियत तेजी से खराब हुई। कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजन ने हास्पिटल में हंगामा किया और डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया।
मृतका के पति रियाज अली ने बताया कि शब्बो को प्रसव होना था लेकिन डॉक्टर ने कोई गलत इंजेक्शन लगाया। इससे कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही मृतका के पति रियाज की तहरीर पर डॉ. रचना श्रीवास्तव, इमरान खान समेत चार आरोपियों के विरुद्ध गलत इलाज करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।