मैगलगंज। लोकसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होने के चलते आंबेडकर जयंती मनाने के लिए प्रशासन से अनुमति लेने की बाध्यता पर पूर्व राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता जुगुल किशोर ने कड़ी आपत्ति जताई है। सोमवार को उन्होंने अपने चुरईपुरवा स्थित आवास पर प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि आंबेडकर जयंती मनाने के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं लेंगे। अगर प्रशासन बाधा बना तो आंदोलन करेंगे।
जुगुल किशोर ने आचार संहिता और धारा 144 लागू होने के बावजूद बाबा साहब के अनुयायियों से बिना अनुमति आंबेडकर जयंती मनाने के लिए कहा है। उनका यह बयान सोशल साइट पर भी वायरल हो रहा है। उन्होंने लखीमपुर प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा, प्रशासन दलित, मजलूम लोगों को आंबेडकर जयंती मनाने के लिए अनुमति लेने की बात कह रहा है। जयंती मनाने पर यदि प्रशासन कोई आपत्ति करता है तो पूरे देश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।