निघासन में बाघ के पदचिह्नों को देखते प्रभारी निरीक्षक और वनविभाग की टीम। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
निघासन। पिछले छह दिनों से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले बाघ की तलाश में वन विभाग नाकाम रहा है। टीम को बाघ की लोकेशन बुधवार को भी नहीं मिल सकी। वनविभाग की टीम ने ऐहतियातन भजनपुरवा के पास खेत में गन्ना छील रहे किसानों को आगाह करते हुए काम बंद करा दिया है। क्षेत्र के गोविंदपुर फार्म, रानीगंज, अंबरपुरवा और पिरथी पुरवा गांव के पास बाघ की चहलकदमी देखी गई थी। जिसके बाद मंगलवार देर शाम गांव जगनपुरवा के पास बाघ फिर देखा गया। वनविभाग की टीम पगचिह्नों को देखते हुए उसके पीछे लगा था। देर शाम बाघ एक मोटरबाइक की एजेंसी के पास देखा गया, जिसके बाद उसके पदचिह्न लालपुर की ओर आते दिखाई दिए थे। बाघ की तलाश में लुधौरी वनरेंज की चार टीमों को लगाया गया, लेकिन अब तक बाघ का कोई सुराग नहीं लगा है। लुधौरी रेंजर राममिलन ने बताया कि अनुमान है कि बाघ किसी गन्ने में छिप गया है, जिसके चलते उसका पता नहीं चल रहा है। फिलहाल क्षेत्र में लोगों को जागरूक कर दिया गया है। संवाद