गन्ने के खेत से निकल धान के खेत में जाती गाय, जिसे गांव वालों ने तेंदुआ समझा। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
धौरहरा। रामपुरवा मजरा चहलार में तेंदुए का इस कदर खौफ है कि लोग गन्ने के खेत में दूसरे पशु की आहट पाकर तेंदुआ समझ लेते हैं। शनिवार को कुछ ऐसा ही हुआ। किसी ने अफवाह उड़ा दी की एक गन्ना के खेत में तेंदुआ बैठा है। अफवाह पूरे क्षेत्र में फैल गई। डंडा लाठी लेकर राजपुरवा, चहलार, गोडवा, शेखपुर, अख्तियारपुर और सेमरिया सहित पड़ोसी गांव के हजारों लोगों ने गन्ने के खेत को घेर लिया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गन्ने के खेत की घेराबंदी कर कांबिंग की। तभी बीच खेत में एक भूरे रंग की लावारिस गाय दिखाई पड़ी। इसी गाय को ही ग्रामीण तेंदुआ समझ रहे थे। वन विभाग ने गन्ने के खेत से गाय को निकाला तब जाकर ग्रामीणों की जान में जान आई। वन क्षेत्राधिकारी अनिल शाह ने बताया कि राजा पुरवा गांव में तेंदुए की सूचना मिली थी। जब टीम गई तो गन्ने के खेत में तेंदुए की जगह गाय निकली। तेंदुआ होने की कोरी अफवाह थी। संवाद
----------------------