सड़क पर घंटे भर हुआ विवाद, अब प्रधान के पास हो रही पंचायत
मैगलगंज। ब्लॉक पसगवां के एक स्कूल में तैनात शिक्षामित्र गांव की ही एक युवती को दिल दे बैठा। दोनों शनिवार को शाहजहांपुर की ओर निकल भागे पर पत्नी ने उन्हें पकड़ लिया। मामले में प्रधान के पास पंचायत की जा रही है।
शादीशुदा शिक्षामित्र के चार बच्चे हैं और उसकी प्रेमिका भी चार बच्चों की मां है। बावजूद इसके प्यार परवान चढ़ने पर शनिवार की सुबह दोनों घर से निकल भागे। बताते हैं कि शिक्षामित्र ने नौकरी और परिवार छोड़कर प्रेमिका के साथ दिल्ली में रहने का फैसला कर लिया था। हालांकि उसके इरादे की भनक पत्नी को लग गई। शिक्षामित्र की पत्नी और परिवार के अन्य लोगों ने रहजनियां टोल प्लाजा के पास दोनों को पकड़ लिया। पत्नी के साथ उसके मायके और परिवार के काफी लोग इकट्ठे थे। वह प्रेमिका पर अलग होने का दबाव बनाने लगे, लेकिन प्रेमिका ने किसी की न सुनी और प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।
वह साथ जीने मरने की कसमें खा रही थी। दो महिलाओं को झगड़ते हुए और उनके साथ कई लोगों को देखकर राहगीर इकट्ठेेे हो गए। लगभग एक घंटे तक सड़क पर ही हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इसके बाद परिवार के लोग पंचायत के लिए प्रेमिका और शिक्षामित्र को कार में बैठाकर प्रधान के पास ले गए।