लखीमपुर खीरी। मानसून ने दस्तक दे दी है, जिससे बुधवार को भी बादलों की आवाजाही दिन भर लगी रही। इससे लोगों को चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन बारिश न होने से गर्मी कम नहीं हुई। मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना है, जबकि शुक्रवार और रविवार को भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी बादलों की आवाजाही रहेगी। बुधवार को सुबह अच्छी धूप खिली, जिसके कुछ देर बाद बादलों ने डेरा जमा लिया। इसके बाद दिन भर धूप-छांव का खेल चलता रहा, लेकिन शाम तक बारिश नहीं हुई। मौसम में आए बदलाव से अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा, लेकिन न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विज्ञान आंचलिक केंद्र लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है, जिससे गुरुवार और शुक्रवार को बारिश होने की संभावना बनी है। शनिवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं, जिसके बाद रविवार को तेज बारिश हो सकती है।