लखीमपुर खीरी। सभी 15 ब्लॉकों के गांवों में स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के लिए जल निगम ग्रामीण विभाग 903 परियोजनाओं पर काम कर रहा है। एक हजार से ज्यादा पंचायतों में काम चल रहा है। अधिकांश गांवों में पाइप लाइन डालने के बाद सड़कें सही नहीं कराई गईं। इससे ग्रामीणों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक में नाराजगी है।
शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाके के लोगों को भी स्वच्छ पेयजल दिलाने के लिए जल जीवन मिशन की शुरुआत की गई थी। लक्ष्य था कि 31 मार्च 2024 तक ग्रामीण इलाकों के हर घर में स्वच्छ पेयजल पहुंचे। स्वच्छ पेयजल मिलने से पहले ही योजना के क्रियान्वयन की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। शासनादेश के मुताबिक सड़क की खोदाई के साथ पाइप लाइन डालने के बाद उसको पहले जैसा करने के निर्देश हैं, लेकिन ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिल रही है।
अफसरों के मुताबिक पाइपलाइन डालने के लिए 60 सेंटीमीटर चौड़ाई में सड़क खोदाई होती है। पैच भरने के बावजूद भी पहले जैसी स्थिति नहीं हो सकती। जिले में कई जगह स्थिति यह है कि सड़क खोदाई के बाद मरम्मत ही नहीं की गई। हालांकि, जिम्मेदार अफसरों का कहना है कि 383 ग्राम पंचायतों की सड़कों की मरम्मत कर ली गई है। एक दिन पहले हुई दिशा की बैठक में भी जनप्रतिनिधियों ने अफसरों को इसी मुद्दे पर आड़े हाथों लिया था।
अफसर बोले- 85 प्रतिशत काम पूरा.. हकीकत अलग
लखीमपुर खीरी। जल निगम ग्रामीण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेंद्र नीरज का कहना है कि 15 ब्लॉकों में कुल 903 परियोजनाएं चल रही हैं। पूरे जिले में 9500 किमी पाइपलाइन डाली गई है। अधिकांश सड़कों की मरम्मत हो गई है। परियोजना का काम पूरा होने पर पंचायती राज निदेशालय से जांच के बाद ग्राम पंचायत को परियोजना हस्तांतरित होती है। बताया कि 288 गांवों में पानी की आपूर्ति है। कुल 1050 ग्राम पंचायतों को कवर किया गया है, जहां पर 903 टंकी का निर्माण कराया जाना है। बताया कि 70 परियोजनाओं में टंकी समेत काम पूरा हो गया है। 85 प्रतिशत पाइपलाइन का काम पूरा है। 75 प्रतिशत घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं। बताया कि ग्रामीण इलाकों में भी खेतिहर जमीन में रासायनिक खादों के इस्तेमाल से 30 से 40 फीट का जल दूषित हो गया है। इसलिए शासन की मंशा के अनुरूप 300-400 फुट नीचे की बोरिंग के जरिये ग्रामीणों को स्वच्छ जल मुहैया कराना लक्ष्य है। संवाद
जमिरहा में खोदी गई सड़क । संवाद
जमिरहा में खोदी गई सड़क । संवाद
जमिरहा में खोदी गई सड़क । संवाद