मझगईं के झन्नापार स्कूल में बंद गोवंश। संवाद
मझगईं। कस्बा स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में बाढ़ का पानी भर जाने से गोवंशों को प्राथमिक स्कूल झन्नापारा में रखा गया है। गोवंश खुले आसमान के नीचे बंधे हैं। वहीं स्कूल में गोवंशों के होने से बच्चों पर भी हमेशा खतरा बना रहता है।
बाढ़ का पानी मझगईं स्थित अस्थाई गोवंश आश्रय केंद्र में भी घुस गया था। इसके बाद गोवंशों को कस्बा के झन्नापार प्राथमिक स्कूल में रखा गया। गोवंश खुले आसमान के नीचे धूप व बारिश में रह रहे हैं। वहीं स्कूल में गोवंश होने के कारण स्कूल में रोजाना बच्चों की संख्या भी कम होती जा रही है। स्कूल के प्रधानाध्यापक राजकमल ने बताया कि स्कूल में गोवंश आश्रय स्थल होने के चलते अभिभावकों में भी भय रहता है। बच्चों के साथ गोवंशों पर भी नजर रखनी पड़ती है, ताकि कोई घटना न हो। प्रधानपति नवीन पांडेय ने बताया कि गोवंश आश्रय केंद्र में करीब पांच फुट पानी भर गया था और इस साल दो बार बाढ़ आ चुकी है। ऐसे में गोवंशों को स्कूल में लाया गया है, यहां छाया की व्यवस्था नहीं है। फिर भी ध्यान रखा जा रहा है। मौजूदा समय में गोवंशों की संख्या करीब पांच सौ है।