खुले रहे सारे कार्यालय और पर्यटन भी जारी
दुधवा में डिप्टी डायरेक्टर रहे पीपी सिंह के निलंबन की खबर से दुधवा में फिर तालेबंदी की खबर महज अफवाह रही। कर्मियों ने कहा कि यह किसी के मजाक करने जैसा है, उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है। यहां सभी कार्यालय खुले हैं और दुधवा बेस कैंप से पर्यटन भी जारी हैं।
गौरतलब है कि यहां से कंजर्वेटर पद पर प्रोन्नत होकर लखनऊ भेजे गए तत्कालीन डिप्टी डायरेक्टर पीपी सिंह के निलंबन की यहां जानकारी मिलने के बाद सोशल मीडिया पर यह खबर चलने लगी कि पीपी पर कार्रवाई से नाराज दुधवा कर्मियों ने फिर से तालाबंदी कर दी है, लेकिन यह खबर महज अफवाह ही रही। फेडरेशन आफ फारेस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि शाम को वैसे ही कार्यालय बंद हो जाते हैं ऐसे में उसका फोटो कर गलत प्रचार प्रसार किया गया। इस तरह का कोई निर्णय नहीं किया गया है और सभी कर्मी काम कर रहे हैं। शुक्रवार को यह दिखाई भी दिया। स्टेनो, कोर्ट शाखा, जायका कार्यालय आदि सभी कार्यालय भवनों में कार्य होता रहा और कर्मी कार्य में लगे रहे। उधर दुधवा बेस कैंप से पर्यटन शुरू रहा और तमाम पर्यटकों को दुधवा जंगल के दीदार कराए गए। कर्मियों ने कहा कि जब ऐसा कोई निर्णय होगा तो वह उसका प्रेस नोट जारी करेंगे। उन्होंने मीडिया से भी अफवाहों से बचने का आग्रह किया है।
परिसर में रही चहल-पहल
दुधवा बेस कैंप परिसर में सैलानियों के आने की वजह से चहल-पहल रही। कोई हाथी के बच्चों से ठिठोली करते मिला तो कोई मचान का लुत्फ उठाते। दुधवा में पर्यटन पटरी पर आ चुका है।