शहर से सटे लालपुर स्थित कॉशीराम कॉलोनी के 315 आवासों की बिजली सप्लाई काटे जाने के विरोध में यहां रहने वालों ने पंचायत चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग को चिट्ठी भेजकर कहा है कि वे लोग बिजली की समस्या से परेशान हैं। बिजली विभाग ने उनके आवासों में किए गए कनेक्शन को अवैध बताकर सप्लाई काट दी है और केबल तक उतार लिया है। उन्होंने इसकी शिकायत डीएम और बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से की लेकिन अधिकारी उनकी नहीं सुन रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने कहा है कि वर्ष 2011 में तत्कालीन प्रदेश सरकार ने उन्हें आवास दिया था और तभी बिजली सप्लाई जोड़ी गई थी। उस समय बिजली बिलों को लेकर विभाग ने उनके बार-बार पूछने पर भी कोई जानकारी नहीं दी थी। राज्य निर्वाचन आयोग को भेजे पत्र में कहा है कि तत्कालीन डीएम समीर वर्मा के निर्देश पर प्रत्येक आवास में नि:शुल्क बिजली कनेक्शन जोड़ा गया था तथा तकनीकी खराबी आने पर भी दुरुस्त की जाती रही। कॉलोनीवासियों का कहना है कि पिछले दिनों बिजली विभाग के अधिकारियों ने उनके घरों में घुसकर बिजली कनेक्शन काट दिए और कहा कि चोरी से बिजली जलाई जा रही थी। कॉलोनीवासियों का कहना है कि दोबारा कनेक्शन जोड़ने के लिए प्रत्येक व्यक्ति से चार हजार समन शुल्क, 1830 रुपये कनेक्शन के और 300 रुपये कनेक्शन जोड़ने के लिए मांगे जा रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने समस्या का निराकरण कराकर रियायती दर पर कनेक्शन देने और मीटर लगवाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसा न होने पर वे लोग पंचायत चुनाव का बहिष्कार करेंगे। आयोग को पत्र भेजने वालों में लड्डन अहमद, रेशमा, अनिल कुमार, शैलेंद्र कुमार, सरस्वती देवी, इरशाद खां, रेनू बरनवाल, तारा देवी आदि शामिल हैं।