महेवागंज। राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा की अगुवाई में शनिवार को किसान नेताओं का प्रतिनिधिमंडल खंभारखेड़ा चीनी मिल प्रबंधन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने बकाया गन्ना भुगतान न होने की दशा में जल सत्याग्रह की चेतावनी दी है। मिल प्रबंधन ने समय रहते भुगतान का आश्वासन दिया।
पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने बताया कि शनिवार को गांव दोनवापुरवा, चकई, सुहेला, ओसिया, कालिका पुरवा, कोठिया, तनाजा, पतरासी, तेतारपुर, अचाकापुर और गंगाबेहड़ समेत कई गांव के किसानों से मिले। किसानों ने पिछले और चालू सत्र का गन्ना भुगतान न होने की बात कही है। कहा, जैसे तैसे होली तो गुजर गई। बीमारी और बच्चों की पढ़ाई और शादी के लिए किसानों के पास धन नहीं है। मिल वाले गन्ने से उत्पादित चीनी, शीरा, बैगास, एथेनॉल और प्रेसमड की बिक्री कर धन कमा रहे हैं। किसान नेताओं ने पिछला और शादी, बीमारी वाले जरूरतमंद किसानों का अविलंब गन्ना भुगतान करने की मांग की। कहा कि एक सप्ताह में भुगतान न होने की दशा में संगठन सत्याग्रह करने को मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी मिल प्रबंधन व प्रशासन की होगी।