बाघ की निगरानी में लगी वन कर्मियों की टीम और मौके पर जमा भीड़
ममरी। देवीपुर जंगल से हैदराबाद थाना क्षेत्र के रोशननगर गांव में बुधवार की रात एक बाघ गन्ने के खेत में आ पहुंचा। दहाड़ सुन बृहस्पतिवार सुबह सैकड़ों ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए और गन्ने को चारों तरफ से घेर लिया। जबकि बाघ गन्ने के खेत में दहाड़ता रहा।
प्रधान रियाजत अली की सूचना पर पहुंचे डिप्टी रेंजर राम नरेश वर्मा, फारेस्टर रोहित श्रीवास्तव, प्रज्ज्वल मिश्रा, अभिषेक वर्मा, नरेंद्र वर्मा आदि वनकर्मियों, एसटीपीएफ जवानों ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया, फिर भी भीड़ गन्ने को घेरे रही। इस पर वन कर्मियों की ग्रामीणों से नोकझोंक होती रही। वन कर्मियों ने कहा कि बाघ गुस्से में है, हमला कर सकता है। तब जाकर भीड़ पीछे हटी।
फिर भी बाघ गन्ने में बैठा दहाड़ता रहा। गनीमत रही बाघ ने किसी पर हमला नहीं किया। रेंजर नरेश पाल सिंह का कहना है कि सशस्त्र वनकर्मियों की टीम बाघ की निगरानी में लगा दी गई है। रात होने पर बाघ जंगल में चला जाएगा।
बाघ की निगरानी में लगी वन कर्मियों की टीम और मौके पर जमा भीड़