लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कमलापुर में तीन युवकों ने कुत्ते को ईंट से मारा। मोहल्ले वालों ने युवकों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया तो पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया। पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया है। उनका चालान भेजा गया है।
मंगलवार की सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें दो युवक कुत्ते को पकड़े हैं जबकि एक युवक पास में ही खड़ा दिखाई दे रहा है। एक युवक कुत्ते पर बेरहमी से ईंट से प्रहार करता दिखाई दे रहा है। इसका मोहल्ले के कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दी। दोपहर बाद मोहल्ले के कुछ लोगों ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
इस पर पुलिस ने तीनों युवकों को थाने पर लाकर पूछताछ की। पुलिस की जांच में यह पता चला कि कुत्ते ने युवक को कई बार काटा था। साथ ही मोहल्ले के कई लोगों को भी काटकर घायल किया। इसी गुस्से के चलते उसने यह कदम उठाया। सीओ सदर विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई की गई है।