खमरिया। थाना क्षेत्र में पिस्टल की तरह दिखने वाले लाइटर से केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस से शिकायत हुई तो पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि पिस्टल की तरह दिखने वाली चीज लाइटर है। पुलिस की जांच में भी लाइटर निकला।
बृहस्पतिवार की देर शाम सोशल मीडिया पर पिस्टल से केक काट रहे युवकों को वीडियो वायरल हुआ। वीडियो दो साल पुराना बताया जा रहा है। किसी ने वीडियो को खीरी पुलिस के एक्स हैंडल पर टैग कर दिया। जिसके बाद खीरी पुलिस सक्रिय हो गई और थाना खमरिया प्रभारी को जांच के निर्देश दिए गए। खीरी पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद पिस्टल की बात को नकारते हुए बताया कि यह लाइटर गन है, जिसका प्रयोग केक काटने में किया जा रहा है। इधर पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी आयुष शुक्ला का शांतिभंग करने की धारा 151 में चालान किया है। पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर शुक्रवार शाम एसडीएम धौरहरा राजेश कुमार के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जमानत दे दी गई।