ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन करते गौ रक्षा दल के लोग
मितौली। लखीमपुर-मैगलगंज रोड पर कचियानी मोड़ के पास किसी वाहन ने सड़क पर बैठे 12 जानवरों को रौंद दिया। हादसे में छह गोवंशों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पशु चिकित्सकों की टीम ने घायल गोवंशों का इलाज किया। जबकि, हिंदू संगठनों ने विरोध जताया।
सोमवार देर रात मितौली थाना इलाके में लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर कचियानी गांव मोड़ के पास सड़क पर बैठे करीब एक दर्जन पशुओं को किसी वाहन ने रौंद दिया। वाहन की चपेट में आए छह पशुओं की मौत हो गई। वहीं छह बेसहारा पशु घायल हो गए। तीन पशुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात में ही मृत पशुओं को सड़क किनारे गड्ढा खोदवाकर दफना दिया। घायल पशुओं का उपचार मंगलवार की सुबह मितौली पशु चिकित्सालय के डॉक्टरों ने किया।
घटना की सूचना पर पहुंचे भारतीय हिंदू परिषद गो रक्षा दल के लोगों ने विरोध जताया। ब्लाॅक पहुंचकर एडीओ आईएसबी राजेश शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने बेसहारा पशुओं को संरक्षित करने की मांग की। पदाधिकारियों ने थाना मुख्यालय पहुंच कर मढ़िया बाजार चौकी इंचार्ज को ज्ञापन सौंपा। दोषी को पकड़कर कार्रवाई करने की मांग की। पदाधिकारियों ने एसडीएम कार्यालय पर भी विरोध प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी मितौली आलोक कुमार धीमान ने बताया कि पशुओं को रौंदने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। बीडीओ मितौली राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बेसहारा गोवंशों को पकड़कर गोशाला में भेजने के लिए सचिव व प्रधान को निर्देश दिए गए हैं।