लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस ने शहर में बंद घरों में हुईं चोरी की पांच घटनाओं के खुलासे का दावा किया है। एक आरोपी को पकड़कर 2.88 लाख रुपये नकदी और कार बरामद की। अभियुक्त बाइक से बंद घरों की रेकी करते थे। बाद में कार से जाकर चोरी को अंजाम देते थे। जेवर व अन्य सामान सीतापुर के रेउसा के सराफा कारोबारी को बेचकर गुजरात और मुंबई में रिश्तेदारों के यहां चले जाते थे।
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि सदर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम ने मंगलवार की रात रवही पुल के पास से सीतापुर जिले के थानगांव के भदेवा निवासी आलम उर्फ कल्लू को पकड़ा है। उसके पास से 2.88 लाख रुपये, चांदी के सिक्के, कार और अन्य सामान बरामद किया गया है। बताया कि आरोपी और उसके पांच फरार साथियों ने शहर में पांच घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
एसपी ने बताया कि चोरों के इस गिरोह में छह लोग शामिल हैं। लखनऊ के मड़ियांव थाने के अजीजनगर निवासी इमरान, इकरार व सीतापुर जिले के तंबौर में रहने वाले सलमान, कासिम व अच्छन फरार हैं। अभियुक्तों के पास दो से तीन कारें हैं। अलग-अलग कारों से चोरी करने जाते हैं। दो बार रेकी के बाद रात एक से चार बजे के बीच घटना को अंजाम देते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियुक्त चोरी के जेवर सीतापुर के रेउसा में रहने वाले सराफा व्यापारी संजय रस्तोगी को बेचते थे। चोरी के बाद पुलिस से बचने के लिए गुजरात और मुंबई में रहने वाले रिश्तेदाराें के घर चले जाते थे।
इन घटनाओं का हुआ खुलासा
पुलिस के मुताबिक, मोहल्ला शास्त्रीनगर में रहने वाले पीडब्ल्यूडी जेई विकास यादव, छाउछ में रहने वाले विजय कुमार के घर हुई चोरी का खुलासा किया है। इसके अलावा सुंदरपुरम कालोनी में रहने वाले अमित कुमार और राजाजीपुरम निवासी वन विभाग के कर्मचारी के बंद घर से हुई चोरी का खुलासा किया है।