गांधी विद्यालय में सीटिंग प्लान करते शिक्षक-संवाद
लखीमपुर खीरी। बृहस्पतिवार से यूपी बोर्ड की परीक्षाओं का आगाज हो रहा है। हाईस्कूल में प्रथम पाली में और इंटरमीडिएट में दूसरी पाली में हिंदी विषय की परीक्षा होगी। जिले के 137 केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। इस बार कुल 15 केंद्र संवेदनशील और तीन केंद्र अतिसंवेदनशील चिह्नित किए गए हैं। इन केंद्रों की मॉनिटरिंग जिला स्तर के अलावा प्रदेश स्तर से की जाएगी।
आज से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षाएं नौ मार्च तक चलेंगी। देर शाम तक डीआईओएस कार्यालय पर तैयारियां पूरी की जाती रहीं। कंट्रोल रूम से लगातार केंद्रों का जायजा लिया जाता रहा। नकलविहीन परीक्षा को लेकर स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों की निगरानी करेंगे। इस बार पहली पाली की परीक्षा सुबह 8.30 बजे से शुरू होकर 11.45 मिनट तक चलेगी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से लेकर शाम 5:15 मिनट तक होगी। परीक्षार्थियों को दस से 15 मिनट पहले केंद्रों पर प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा में 97478 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इंटरमीडिएट में कुल 45140 विद्यार्थी हैं, जिसमें 25650 छात्र और 19490 छात्राएं हैं। हाईस्कूल में कुल 52338 विद्यार्थियों में 22929 छात्राएं और 29409 छात्र हैं। पहली पाली में हाईस्कूल में हिंदी विषय, इंटरमीडिएट में सैन्य विज्ञान की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में हाईस्कूल में वाणिज्य और इंटरमीडिएट में हिन्दी की परीक्षा होगी। डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि केंद्रों पर परीक्षार्थी और केंद्र व्यवस्थापकों के अलावा किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सीबीएसई : हिंदी की परीक्षा में 40 बच्चे रहे अनुपस्थित
बुधवार को सीबीएसई में 10वीं के हिंदी विषय की परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 3670 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। इसमें से 3630 परीक्षार्थी ही पहुंचे। सीबीएसई के कोऑर्डिनेटर शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि जिले के 11 केंद्रों पर हिन्दी की परीक्षा संपन्न कराई गई। इस परीक्षा में 40 बच्चों ने किन्हीं कारणों से परीक्षा छोड़ दी। बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट में अंग्रेजी विषय की परीक्षा संपन्न होगी।