लखीमपुर खीरी। फरवरी में आयोजित होने वाली यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान नकल पर अंकुश लगे, इसको लेकर इस बार उत्तर पुस्तिकाओं पर बार कोड लगाया जाएगा। इससे उत्तर पुस्तिकाओं की रेंडम चेकिंग की जा सकेगी। इस बार उत्तर पुस्तिका के कवर पेज पर अंकित विवरण का रंग बदला गया है।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा-2025 नकलविहीन हो इसको लेकर इस बार पुरानी उत्तर पुस्तिका पर बाहर से लिखवाकर जमा कराने की आशंका न के बराबर रहेगी। पिछले वर्ष इस्तेमाल के बाद बची उत्तर पुस्तिकाओं को कोठार में गिनती करवाकर बोर्ड को वापस किया जाएगा। परीक्षा में पुरानी कापियों को किसी भी रूप में प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई है।
बोर्ड की ओर से कॉपियों का रंग एक बार फिर बदला गया है। इस बार हाईस्कूल की कॉपियां का रंग मजेंटा पिंक (रानी व गुलाबी रंग का मिश्रण) होगा, वहीं इंटरमीडिएट की कॉपियाें का रंग भूरा होगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि हाईस्कूल की ए कॉपी मजेंटा पिंक और बी कॉपी लाल रंग की होगी।
इंटरमीडिएट की ए कॉपी भूरे रंग की और बी कॉपी वॉयलेट (बैंगनी) रंग की होगी। बताया कि कॉपियों की अदला-बदली रोकने के लिए भी कदम उठाए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाला परीक्षार्थी बी कॉपी लेता है तो उसे उसमें ए कॉपी वाला क्रमांक लिखना होगा।
इसके अलावा इस वर्ष अनुक्रमांक और परीक्षा तिथि लिखने के लिए वर्गाकार गोले भी बनाए गए हैं। यूपी बोर्ड का लोगो पहले कॉपी के तीसरे और दसवें पेज के बीच में होता था, उसे अब सबसे ऊपर कर दिया गया है। पहले और आखिरी पेज पर बार कोड भी अंकित रहेगा। इससे अगर कोई कॉपी बाहर ले गया तो उसे पकड़ लिया जाएगा। सभी कॉपियों के पेज 20-20 लाइनों के होंगे। हाईस्कूल की ए कॉपी 16 और इंटरमीडिएट की 20 पेज की होगी। इसके अलावा दोनों की बी कॉपी 12-12 पेज की होगी। परीक्षा से पहले ही कापियां कोठार को प्राप्त हो जाएंगी।