शासन से संचालित योजनाओं की समीक्षा करने यहां पहुंचे प्रमुख सचिव लघु सिंचाई चंद्रप्रकाश ने अधूरे विकास कार्यों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और निर्धारित अवधि में कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। शनिवार की शाम करीब चार बजे यहां पहुंचने के बाद प्रमुख सचिव ने डीएम किंजल सिंह, सीडीओ नितीश कुमार, एडीएम एसपी सिंह और विकास योजनाओं से संबंधित अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक शुरू की। समीक्षा बैठक करीब डेढ़ घंटे से भी अधिक समय तक चली। बैठक में प्रमुख सचिव के सवालों से तमाम अधिकारी पसीना-पसीना हो गए। सीडीओ नितीश कुमार ने बताया कि बैठक के दौरान सभी विभागों की ओर से प्रगति रिपोर्ट पेश की गई। जिसकी समीक्षा के दौरान कमियां मिलने पर अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक के बाद प्रमुख सचिव पलिया स्थित दुधवा पार्क रवाना हो गए। सीडीओ ने बताया कि प्रमुख सचिव चंदन चौकी में प्रशासन की मदद से थारू महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू किए गए हथकरघा उद्योग और समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए जूट के उत्पादों और हस्तशिल्प का जायजा लेंगे। साथ ही इसे प्रोत्साहित भी करेंगे। जिससे थारू जनजाति की महिलाओं को रोजगार के साधनों से जोड़ा जा सके। प्रमुख सचिव सोमवार को पलिया क्षेत्र में लोहिया गांव पतवारा का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लेंगे।