मैलानी (खीरी)। नामकरण संस्कार में शामिल होने बाइक से पलिया जा रहे पीलीभीत जिले के निवासी मामा-भांजे की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा मैलानी-भीरा मार्ग पर जंगल में किसी वाहन से टकराने से हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा है।
पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र के गांव गुजरौला निवासी दिनेश कुमार (40) पुत्र नन्हेंलाल अपने मामा शम्मू लाल (60) निवासी जटपुरा थाना पूरनपुर जिला पीलीभीत के साथ बाइक से सोमवार की शाम पलिया जा रहे थे। मैलानी-भीरा मार्ग पर जंगल में वन बैरियर दमहा पुलिया के पास उनकी बाइक सड़क किनारे दलदल युक्त पानी में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई थी। पानी में डूबी बाइक का जलता इंडीकेटर और पानी में दो लोगों को पड़ा देख किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दोनों को पानी से मरणासन्न हालत में निकाला गया। एंबुलेंस से सीएचसी बांकेगंज भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उनके पास से मिले मोबाइल से परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। दिनेश के भाई राम किशोर ने बताया कि संभवत: किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक खंती में जा गिरी, जिससे हादसा हो गया।
पोती के नामकरण संस्कार में जा रहे थे शम्मू लाल
मृतक शम्मू लाल की पोती का पलिया में नामकरण संस्कार था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने को वह अपने भांजे दिनेश के साथ जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया और दोनों की जान चली गई। खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
दिनेश के परिवार पर मंडराया आर्थिक संकट, दिल्ली में था बेटा
मैलानी। हादसे में जान गंवाने वाला दिनेश मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। दिनेश की चार संतानों में तीन पुत्रियां और एक पुत्र कमल है। दिनेश की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उसकी पत्नी की लगभग 15 वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। माता गोमती देवी बच्चों को पाल-पोस रहीं हैं। अब दादी ही बच्चों का सहारा हैं। दिनेश का इकलौता बेटा कमल (18) परिवार की माली हालत देख कम उम्र में ही कमाने के लिए दिल्ली गया था। हादसे की खबर पाकर वह मंगलवार की सुबह घर पहुंचा।
दिनेश फाइल फोटो