संपूर्णानगर। चीनी मिल रोड पर शुक्रवार देर रात मजदूरी कर वापस लौट रहे दो युवकों की बाइक ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतक आपस में चाचा-भतीजे बताए जा रहे हैं।
मझगईं थाना क्षेत्र के मुर्गहा बल्लीपुर निवासी भारत पुत्र छोटेलाल(36) और लखबीर सिंह पुत्र वीरेंद्र कुमार(20) संपूर्णानगर के मिलेट्री फार्म में मजदूरी करने गए थे। मजदूरी कर वापस लौटते समय एक ट्रैक्टर-ट्राॅली से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में भारत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लखवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए पलिया सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजे हैं। पुलिस ने हादसे में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्राॅली को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी निराला तिवारी ने बताया कि अभी तक किसी की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। संवाद