लखीमपुर खीरी। जिला महिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन 20 दिन बाद भी ठीक नहीं हो सकी। मशीन खराब होने की वजह से गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए 14 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल ओयल या निजी केंद्रों तक दौड़ लगाना पड़ रहा है।
जिला महिला अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन दो सितंबर से खराब पड़ी है। अस्पताल प्रशासन ने मशीन सही कराने के लिए पत्र भेजा था। कंपनी के लोग भी आए, लेकिन मशीन अब तक ठीक नहीं हो सकी। अल्ट्रासाउंड न होने से गर्भवती महिलाओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रतिदिन 50 से अधिक महिलाओं को अल्ट्रासाउंड के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।वहीं निजी केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए 700 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
-
केस - 1
ओयल जाएं या निजी केंद्र, उधेड़बुन में उलझे मरीज
गोला मार्ग के उजार गूम गांव निवासी रोहिणी ने बताया कि वह सुबह ही अस्पताल आ गई थीं। काफी देर इंतजार के बाद पता चला कि अल्ट्रासाउंड मशीन खराब है। अब जिला अस्पताल ओयल जाकर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ेगा।
केस-2
अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर बैठी खीरी की रचना ने बताया कि इमरजेंसी में दिखाया था, तो अल्ट्रासाउंड के लिए कहा है। यहां की मशीन ही खराब है, मजबूरी में बाहर से ही कराना पड़ेगा।
केस- 3
अल्ट्रासाउंड कक्ष के सामने बेंच पर बैठे गुनगुन के तीमारदार भी अल्ट्रासाउंड कहां कराएं, इसी उधेड़बुन में उलझे मिले। उन्होंने बताया कि मजबूरी है बाहर ही कराना होगा। पता नहीं मशीन कब सही होगी।
-
अल्ट्रासाउंड मशीन खराब है। कंपनी ने बताया कि संबंधित पार्टस नहीं मिल पा रहे हैं। अल्ट्रासाउंड मशीन को जल्द ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।
- डॉ. ज्योति मेहरोत्रा, सीएमएस