शहर के आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं दोनों किशोरियां
लखीमपुर खीरी। शहर के दो अलग-अलग मोहल्लों की दो नाबालिग छात्राएं शनिवार को घर से कॉलेज जाने के लिए निकलीं, लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंचीं। इसकी भनक परिजन को भी नहीं लगी। दोपहर बाद कॉलेज में छुट्टी होने पर भी जब छात्राएं घर नहीं लौटीं तो परिजन ने खोजबीन शुरू की। दोनों किशोरियों का जब कहीं पता नहीं चला तो परिजन ने रात में गुमशुदगी की सूचना सदर कोतवाली पुलिस को दी गई।
शहर के एक मोहल्ला निवासी 17 वर्षीय छात्रा और पड़ोस के दूसरे मोहल्ले की 14 वर्षीय छात्रा भगवानदीन आर्य कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा 11 और कक्षा नौ की छात्राएं हैं। शनिवार की सुबह दोनों छात्राएं अपने घरों से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं, लेकिन दोनों छात्राएं कॉलेज नहीं पहुंचीं। दोपहर में कॉलेज की छुट्टी होने के काफी देर बाद भी छात्राएं अपने घर नहीं पहुंचीं तो परिजन चिंतित हुए। उन्होंने कॉलेज जाकर पूछताछ की तो पता चला कि दोनों छात्राएं कॉलेज आई ही नहीं। इसे सुनकर अभिभावकों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अनहोनी की आशंका से परेशान अभिभावकों ने संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। थक-हारकर अभिभावकों ने रात में सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने छात्राओं की तलाश शुरू की। अभिभावकों की जानकारी में छात्राओं के पास मोबाइल नहीं था, लेकिन 17 वर्षीय छात्रा की सहेली द्वारा घर पर फोन किए जाने के बाद पुलिस ने उस नंबर की लोकेशन ट्रेस की तो पता चला कि दोनों छात्राएं गाजियाबाद में हैं, जिससे वहां की पुलिस को सूचना देकर दोनों छात्राओं को गाजियाबाद पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया।
इसके बाद कोतवाली पुलिस ने एसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम गाजियाबाद के लिए रवाना की। टीम के साथ छात्राओं के अभिभावक भी गाजियाबाद गए हैं। कोतवाली पुलिस ने बताया कि टीम रात को ही गाजियाबाद रवाना हो गई थी, जहां से छात्राओं को लेकर सकुशल पुलिस टीम लौट रही है। टीम के शाम तक लखीमपुर पहुंचने की संभावना है।
17 वर्षीय छात्रा को उसकी मां ने डांट दिया था, जिससे नाराज होकर वह अपनी 14 वर्षीय सहेली के साथ कॉलेज न जाकर गाजियाबाद चली गई। सहेली ने अपने घर पर फोन कर गाजियाबाद में होने की सूचना दी थी, जिसके बाद उस नंबर से छात्राओं की लोकेशन ट्रेस करने में मदद मिली। दोनों छात्राओं को वापस लाने के लिए टीम गाजियाबाद रवाना की गई थी, जो अब वापस लौट रही है। छात्राओं के बयान दर्ज कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- संदीप सिंह, सीओ सिटी
कॉलेज न जाकर छात्राओं का सहेलियों के साथ बाहर निकलने का चला ट्रेंड
शहर के आर्य कन्या इंटर कॉलेज की दो छात्राओं के गाजियाबाद में मिलने की यह पहली घटना नहीं है, बल्कि अब यह ट्रेंड बन चुका है। इससे कुछ महीने पहले भी दो छात्राएं इसी तरह लापता हुईं थीं, जो बाद में गाजियाबाद में मिली थीं। करीब एक साल पहले भी इसी कॉलेज की तीन छात्राएं लापता हो गई थीं। उन्हें ऋषिकेश (हरिद्वार) से बरामद किया गया था। इसके अलावा मोहम्मदी व निघासन क्षेत्र की छात्राएं अपनी सहेलियों के साथ बिना बताए घर से बाहर जा चुकी हैं, जिन्हें दिल्ली आदि स्थानों से बरामद किया गया।