नए साल के शुरूआती दिनों में अच्छी संख्या में पार्क भ्रमण करने दुधवा पहुंचे थे सैलानी
पार्क प्रशासन का कहना है कि धूप निकलने से धीरे-धीरे बढ़ जाएगी सैलानियों की आमद
पलियाकलां। बीती 24 और 25 जनवरी को हुई बारिश के साथ पिछले एक हफ्ते से दुधवा में सैलानियों की कमी देखी जा रही है। हालांकि पार्क प्रशासन का कहना है कि अब धूप निकलने लगी है। सैलानियों की कमी भी पूरी हो जाएगी।
दुधवा नेशनल पार्क में नए साल के शुरूआती दिनों में अच्छी संख्या में सैलानी दुधवा पार्क का भ्रमण करने पहुंचे थे। बीते एक हफ्ते में गणतंत्र दिवस, बसंत पंचमी और रविवार का अवकाश होने के चलते सैलानी दुधवा पार्क पहुंचे थे। 24 और 25 जनवरी को हुई बारिश के चलते 25 जनवरी को जंगल के रास्ते खराब होने के चलते पर्यटन एक दिन के लिए रोका गया था। हालांकि 26 जनवरी को सैलानियों ने जंगल का भ्रमण किया था।
पार्क सूत्रों के मुताबिक, इस हफ्ते सैलानी कुछ कम लगभग 200 ही आए हैं। हालांकि आधिकारिक रूप से सैलानियों की संख्या का आंकड़ा माह के अंत में सभी पर्यटन सत्रों से प्राप्त होने के बाद ही पार्क प्रशासन उसको आगे भेजता है।
मचान से तालों के आसपास वन्यजीवों को सैलानियों ने देखा
रविवार को सुबह की शिफ्ट में काफी कोहरा था, जिसके कारण सैलानी ज्यादा वन्यजीवों को नहीं देख सके। दूसरी शिफ्ट में अन्य वन्यजीव दिखे, लेकिन वनराज के दर्शन नहीं हुए। सोमवार को सुबह व शाम की शिफ्ट में जंगल का भ्रमण करने वाले सैलानियों को बाघ के दीदार नहीं हुए। हालांकि तालों के पास मचानों से अन्य वन्यजीवों को सैलानियों ने करीब से देखा।
नकउहा का सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र बना
नकउहा नाले पर दुधवा नेशनल पार्क का गेट है, जिसका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन किया था। यह अब सेल्फी प्वाइंट के रूप में जाना जाने लगा है। यहां बड़ी संख्या में जंगल को जाने वाले सैलानी रुककर सेल्फी खींचते हैं। इस कारण यहां काफी भीड़ लगी रहती है।
पार्क में अच्छी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। उनको दोनों शिफ्टों में पार्क का भ्रमण कराया जा रहा है। यह नहीं कहा जा सकता है कि सैलानियों की कमी है। पार्क प्रशासन भी सैलानियों को बेहतर इंतजाम देने में लगा हुआ है।
- डॉ. रंगाराजू टी, डिप्टी डायरेक्टर, दुधवा नेशनल पार्क