लखीमपुर खीरी। लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने जनपद लखीमपुर-खीरी में अलग-अलग क्षेत्रों में लोक निर्माण कार्यों के लिए 2.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसके जरिए पलिया तहसील के टॉपरपुर से बढ़ैय्या संपर्क मार्ग और गजरौरा संपर्क मार्ग पर पुल बनाए जाएंगे। उन्होंने अफसरों से काम जल्द शुरू करने को कहा है।
पलिया तहसील में टापुरपुर से बढ़ैय्या संपर्क मार्ग ग्रामीण श्रेणी का है, जिसकी कुल लंबाई आधा किलोमीटर है। इस मार्ग के चौनेज- 0.040 में आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट प्रस्तावित किया गया है। बता दें कि यह मार्ग नेपाल बॉर्डर के समीप बाढ़ प्रभावित तराई क्षेत्र एवं शारदा नदी के कटान क्षेत्र में है। भारी बारिश होने या फिर नेपाल से पानी छोड़े जाने से यहां मार्ग में कटान हो गया था, जिससे आवागमन बाधित था। इससे इस संपर्क मार्ग पर स्थित गांवों में टापरपुरवा, बढैय्या, बिजौरिया व सैय्यदपुरवा आदि ग्रामों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी कठिनाई होती है। इसलिए अब यहां पर 69.63 लाख रुपये की लागत से लघु सेतु का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
उधर, ग्रामीण श्रेणी के गजरौरा संपर्क मार्ग, जिसकी कुल लंबाई 3.8 किमी है। इस पर किमी तीन पर रपटा पुल के स्थान पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट प्रस्तावित किया गया है। यह पुल नेपाल बॉर्डर के समीप बाढ़ प्रभावित तराई क्षेत्र में स्थानीय नाले पर है। यहां पर भी भारी बारिश में व नेपाल से पानी छोड़े जाने पर मार्ग जलमग्न हो जाता था और यातायात पूर्णतया अवरूद्ध हो जाता है। बताया गया कि इस संपर्क मार्ग पर स्थित गजरौरा, अतरनगर व देवीपुर समेत कई गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। अब यहां पर 1.52 करोड़ रुपये से लघु सेतु बनाया जाएगा। इससे गांव वासियों व किसानों को काफी फायदा पहुंचेगा।
विधानसभा पलिया क्षेत्र के टापरपुर से बढ़ैय्या और गजरौरा संपर्क मार्ग पर दो लघु सेतु का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। यह दोनों मार्ग ग्रामीण श्रेणी के हैं। एक पर 1.52 करोड़ और एक पर करीब 70 लाख रुपये की लागत से लघु सेतु का निर्माण कार्य कराया जाएगा। गन्ना बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण लघु सेतु के बन जाने से आसपास के ग्रामवासियों को अपनी गन्ना समेत अनाज की फसल को चीनी मिल व मंडी परिसर में पहुंचा सके।
- जितिन प्रसाद, मंत्री, लोक निर्माण विभाग