लखीमपुर खीरी। खीरी जिले में भी प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो लाभार्थियों को दो-दो बार आवास का लाभ दिया गया है। केंद्र सरकार से आई रिपोर्ट के आधार पर जब अफसरों ने जांच कराई तो इसका खुलासा हो सका। अफसरों ने मामले की रिपोर्ट शासन को भेज दी है। केंद्र सरकार से आई रिपोर्ट में बताया कि उत्तर प्रदेश के 427 लाभार्थियों को पीएम आवास योजना (शहरी और ग्रामीण) का दोहरा लाभ लेते पाया गया है। इसमें लखीमपुर खीरी छह लाभार्थी को पीएम आवास शहरी एवं ग्रामीण का दोहरा लाभ दिए जाने की बात कही है। डीआरडीए के परियोजना अधिकारी सतीश पांडेय ने बताया कि शासन से आई रिपोर्ट का सत्यापन कराया तो दो लोगों को दोबारा आवास दिए जाने की पुष्टि हुई है। इसमें एक मोहम्मदी में वर्ष 2018 व एक मितौली वर्ष 2016 में आवास का लाभ दिए जाने की पुष्टि हुई है। मामले की रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। इसमें शासन के जो भी निर्देश मिलेंगे, उस अनुसार कार्रवाई की जाएगी।