धनगढ़ी-नेपाल। भारतीय सीमा से लगे कैलाली जिला पुलिस ने चेकिंग के दौरान नेपाल में पांच सौ के भारतीय नोटों की नौ लाख रुपये की करेंसी समेत दो नेपाली युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद रकम काे राजस्व विभाग कोहलपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।
कैलाली जिला पुलिस निरीक्षक खगेंद्र सांउद ने बताया कि धनगढ़ी बस स्टैंड पुलिस ने शहीद गेट के पास चेकिंग के दौरान बाइक से जा रहे दो नेपाली युवकों को रोककर तलाशी ली। उनके पास से पांच सौ रुपये के 18 सौ भारतीय नोट बरामद हुए। इनके पास से नेपाली करेंसी के 41 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। पकड़े गए लोगों ने अपने नाम विजय राना और अक्षय राना निवासी धनगढ़ी उपमहानगर पालिका के जुगेड़ा गांव बताए। बता दें कि नेपाल सरकार ने भारत के 200, 500 और 2000 रुपये के नोटों पर प्रतिबंध लगा रखा है।