चीनी मिल में तकनीकी खराबी से डोंगा में गन्ना क्रशिंक कार्य ठप।
बेलरायां। सरजू सहकारी चीनी मिल में टरबाइन-बॉयलर में तकनीकी खराबी से करीब 20 घंटे से गन्ने पेराई बाधित है। किसानों को गन्ना यार्ड में रात गुजारना मुश्किल हो रहा है। किसानों ने मिल अधिकारियों से तकनीकी खराबी जल्द दूर कराने की मांग की है।
गांव भौका निवासी बैलगाड़ी किसान संतोष वर्मा, रामजीवन व मैकूलाल ने बताया कि मिल बंद होने से गन्ने की तौल नहीं हो पाई। ग्राम सिंहोना निवासी किसान कश्मीर सिंह ने बताया कि चीनी मिल रुक-रुककर चल रही है। चार दिनों से सड़क पर गन्ना भरी गाड़ी के पास रात गुजारनी पड़ रही है। मुर्तिहा निवासी किसानों का कहना है कि कई दिनों तक सड़क पर गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी होने से टायर पंचर हो जाता है, हवा निकल जाती है।
कई अन्य दिक्कतें भी झेलनी पड़ रही हैं। सर्दी में बाहर रात गुजारना मुश्किल हो रहा है। मामले में चीनी मिल के कारखाना प्रबंधक पांचूराम ने बताया कि मशीनों की तकनीकी खराबी दूर करने के लिए कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। जल्द ही चीनी मिल गन्ना पेराई शुरू कर देगी।