बेलरायां। सरजू सहकारी चीनी मिल आने वाले गन्ना भरे वाहनों से लग रहे जाम से परेशान कुशाही बाजार के व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे तक दुकानें बंद रखीं। चीनी मिल के जीएम के आश्वासन पर व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया। उधर, गार्ड से विवाद के बाद ट्रक चालकों ने भी हंगामा किया। गार्ड के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
बेलरायां चीनी मिल में आए दिन तकनीकी खराबी बनी रहती हैं। इस वजह से गन्ना लेकर चीनी मिल आने वाले ट्रक और अन्य वाहन सड़क किनारे खड़े होते हैं। कुशाही बाजार, रेलवे स्टेशन रोड, बेलरायां-कड़िया रोड पर गन्ना लदी बैलगाड़ी, ट्रैक्टर-ट्रालियों और ओवरलोड ट्रकों की लंबी लाइन लग जाती है। जाम से आवागमन बाधित होता है। इसका असर दुकानदारों के व्यापार पर पड़ता है। जाम से नाराज नाराज व्यापार मंडल पदाधिकारियोंं ने मंगलवार को सीसीओ संजय सिंह को प्रार्थना पत्र दिया था। जाम की समस्या का समाधान न होने पर बृहस्पतिवार को कुशाही बाजार में धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम करने की चेतावनी दी थी।
मिल अधिकारियों ने इस पत्र को गंभीरता से नहीं लिया। नाराज व्यापारियों ने बृहस्पतिवार सुबह कुशाही बाजार बंद कर दुकानों के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों के प्रदर्शन की जानकारी पर चीनी मिल के जीएम विवेक कुमार यादव पहुंचे। कुशाही बाजार के आसपास एक किलोमीटर की दूरी तक सड़क पर गन्ना भरे वाहनों के खड़े न होने का आश्वासन दिया। इसके बाद दुकानदारों ने दोपहर 12 बजे दुकानें खोलकर व्यवसाय शुरू कर दिया है।
इस मौके पर नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष तुसार लाहिड़ी, गिरधारी लाल अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, डॉ. संजय वर्मा, रामकिशोर गुप्ता, रमेश गुप्ता, शिरोमणि शुक्ला, ओम प्रकाश वर्मा, वेदप्रकाश जायसवाल, इंद्रपाल सिंह, राकेश वर्मा आदि दुकानदार मौजूद रहे है।
गार्ड-चालक विवाद के बाद ट्रक चालकों ने लगाया जाम
बेलरायां। केबिन में सो रहे ट्रक चालक और मिल के सुरक्षा गार्ड के बीच हुए विवाद के बाद ट्रक चालकों ने भी जाम लगा दिया। पुलिस और वाहन स्वामियों ने मामले को शांत कराया। गांव मोतीपुर निवासी ट्रक चालक उदय कुमार ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे चीनी मिल गेट के सामने ट्रक खड़ा कर केबिन में सोने जा रहा था। इसी समय चीनी मिल के सुरक्षा गार्ड ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर सिर पर डंडे से प्रहार कर दिया है। घटना का पता चला तो नाराज ट्रक चालकों ने ट्रक खड़े कर जाम लगा दिया। बेलरायां पुलिस चौकी के एसआई अभिषेक कुमार यादव ने दोनों पक्षों को समझा कर आवागमन शुरू कराया।
बेलरायां जाम को लेकर प्रदर्शन करते व्यापारी