महेवागंज। क्षेत्र में एंटी रोमियो की निष्क्रियता से स्कूल आने-जाने वाली लड़कियां शोहदो की हरकतों से परेशान हैं। शोहदे उन पर कमेंट करते हैं। इस बात से परेशान एक छात्रा के घरवालों ने पुलिस में शिकायत की है। शोहदों के डर से छात्रा घर से बाहर भी नहीं निकल रही।
कस्बे में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि भीरा मार्ग के एक स्कूल में उसकी नाबालिग पुत्री नवीं क्लास में पढ़ती है। आरोप है कि आसपास के युवक बेटी को राह चलते परेशान करते हैं। तरह-तरह के कमेंट करते हैं, जिससे उसका स्कूल जाना मुश्किल हो रहा है। डर वश वह घर से नहीं निकल पा रही। उसकी पढ़ाई छूट रही है। मनचलों की हरकत से आजिज आकर शनिवार को परिजन ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिली है। आरोपी और शिकायतकर्ता एक-दूसरे के परिचित बताए जा रहे हैं। जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।