संसारपुर। संसारपुर में जेपी इंटर कॉलेज के निकट लगा बिजली ट्रांसफार्मर पिछले एक सप्ताह से खराब है। ग्रामीण चिलचिलाती और उमस भरी गर्मी में रहने को मजबूर हैं।
संसारपुर की विद्युत आपूर्ति बांकेगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र से की जाती है। ग्रामीण पुत्तू लाल विश्वकर्मा, विजयपाल, ओमप्रकाश, कल्लू, कामता प्रसाद, विश्राम, लालूराम, सुरेश, सोनू ने बताया कि कई दिन खराब रहने के बाद एक सप्ताह पहले ट्रांसफार्मर बदला गया था। जो एक दिन बाद ही खराब हो गया। तब से विद्युत आपूर्ति ठप है। कई बार बांकेगंज विद्युत उपकेंद्र के अधिकारी और कर्मचारियों से बताया, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।
बिजली न आने से छोटे-छोटे बच्चों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने उचित क्षमता का विद्युत ट्रांसफार्मर लगवा कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। अधिशाषी अभियंता महेंद्र पाल ने बताया अपने कर्मचारियों से जानकारी कर ट्रांसफार्मर शीघ्र ही बदलवाया जाएगा।