30 मई 2018 को बंद हुआ था ट्रेनों का संचालन
मैलानी से शाहगढ़ तक रेल का सफर साढ़े पांच साल बाद दोबारा नसीब होगा। बता दें कि इस मार्ग पर 30 मई 2018 को रेल सफर बंद हुआ था। मैलानी-पीलीभीत रेलखंड के अमान परिवर्तन के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) ने तीस मई 2018 को मेगा ब्लॉक लेकर अमान परिवर्तन का काम शुरू किया था।
मैलानी-शाहगढ़ खंड का काम पूरा होने के बाद संरक्षा आयुक्त मोहम्मद लतीफ खान ने 26 दिसंबर 2021 को संरक्षा निरीक्षण किया था, लेकिन तब रेलवे ने शाहगढ़ तक ट्रेनें नहीं चलाईं। इसके बाद इस खंड का विद्युतीकरण का काम शुरू हो गया। विद्युतीकरण का काम चल ही रहा था कि वन विभाग की आपत्ति के चलते दूधिया खुर्द-कुर्रैय्या के बीच विद्युतीकरण रोकना पड़ गया।
वन विभाग की एनओसी मिलने के बाद विद्युतीकरण का काम पूरा हुआ और 18 सितंबर को संरक्षा निरीक्षण होने के बाद से ही इस खंड पर ट्रेन संचालन की उम्मीद जागी थी।
अब शाहगढ़ से पीलीभीत तक बाकी है ट्रेन संचालन
लंबे इंतजार के बाद मैलानी से शाहगढ़ तक तो जल्द ही ट्रेन संचालन शुरू हो जाएगा, वहीं शाहगढ़ से पीलीभीत के बीच ट्रेन संचालन के लिए इंतजार करना होगा। इस खंड पर सिविल वर्क चल रहा है। एनईआर के जीएम ने दिसंबर तक इसे पूरा करने के निर्देश कार्यदायी संस्था आरवीएनएल को दिए हैं।