पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क में सैलानियों को बेहतर खान-पान देने के उद्देश्य से लखनऊ से आए प्रशिक्षकों ने कौशल परीक्षण व प्रमाणन कार्यक्रम के तहत रसोइयों और वेटरों को प्रशिक्षण दिया है। इसमें दुधवा समेत किशनपुर, पीलीभीत, करतनिया घाट और अन्य जगहों से आए रसोइयाें और वेटर को सैलानियों से किस तरह से व्यवहार करना चाहिए, इसकी जानकारी दी।
लखनऊ से होटल प्रबंधन, खानपान प्रौद्योगिकी एवं अनप्रयुक्त पोषण संस्थान की तरफ से दुधवा पहुंचे गौरव विशाल व अजय सक्सेना ने पीलीभीत टाइगर रिजर्व, दुधवा, करतनिया घाट, किशनपुर, बनकटी, सठियाना समेत अन्य कैंटीनों के स्टाफ व कुकों को प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण के पहले दिन सोमवार को जहां सफाई पर विशेष ध्यान रखने की बात कही गई। वहीं मंगलवार को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों को कुकों से बनवाया गया।
सैलानियों को भोजन किस तरह परोसना है, इसके बारे में वेटरों को जानकारियां दी गईं। दुधवा के डीडी डाॅ. रंगाराजू टी ने बताया कि छह दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। इसमें वेटर, रसोइया और कैंटीन से संबंधित स्टाफ को साफ-सफाई व खाना परोसने, बनाने और ज्यादा से ज्यादा सैलानियों के प्रति सुलभ व्यवहार करने की जानकारियां दी जा रहीं हैं।