मैलानी। मैलानी से शाहगढ़ तक ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद कार्यदायी संस्था ने शाहगढ़ से पीलीभीत के बीच दिसंबर तक काम पूरा करके जनवरी या फरवरी में सीआरएस कराने की कवायद तेज कर दी है। बीस नवंबर से पीलीभीत से शाहगढ़ के बीच वायरिंग का काम शुरू हो जाएगा। सीआरएस निरीक्षण के बाद होली से पहले ही मैलानी से सीधे पीलीभीत तक ट्रेन की सौगात मिलने की उम्मीद है।
आमान परिवर्तन के लिए कार्यदायी संस्था रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) ने तीस मई 2018 को मैलानी-पीलीभीत रेलखंड का मेगा ब्लॉक लिया था। चौथे चरण का काम पूरा होने के बाद नौ नवंबर से इस खंड के मैलानी से शाहगढ़ के बीच इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। वन विभाग की आपत्ति के कारण शाहगढ़ माला केे बीच स्थित पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल में काम रुका हुआ था।
एनओसी मिलने के बाद काम शुरू हुआ, तो पिछले दिनों पीलीभीत दौरे पर आए एनईआर जीएम ने कार्यदायी संस्था को दिसंबर तक काम पूरा करने के निर्देश दिए। पांच साल तक रेल संचालन न होने से माला यार्ड और संदेई हाल्ट-माला के बीच जंगल में पूर्व में संचालित ट्रैक और रेलभूमि पर छोटे पेड़ पौधे उग आए हैं।
ट्रैक बनाने और विद्युतीकरण के लिए इन पौधों को काटा जाना है। वन विभाग ने इन छोेटे पेड़ पौधों की कटाई और छंटाई पर फिर अड़ंगा लगाते हुए इसकी अलग से अनुमति लेने का फरमान जारी कर दिया है। कम समय सीमा को देखते हुए आरवीएनएल ने इसकी अनुमति की प्रक्रिया भी तेजी से शुरू कर दी है।
मौजूदा हालात यह हैं कि संदेई हाल्ट-माला के बीच माला जंगल में साढ़े चार किमी छोड़कर पीलीभीत-माला के बीच काम पूरा होने के साथ ही पुल नंबर 265 की लाॉंचिंग भी कंप्लीट है। संदेई हाल्ट-माला के बीच स्थित नहर पुल भी बनकर तैयार है। माला-संदेई हाल्ट के बीच ढाई किमी ट्रैक बन चुका है, शेष साढ़े चार किमी ट्रैक का काम भी बीस नवंबर से शुरू हो जाएगा।
तमाम अड़चनों के बावजूद कार्यदायी संस्था आरवीएनएल ने दिसंबर तक काम पूरा करके जनवरी के आखिरी हफ्ते या फिर फरवरी के पहले हफ्ते में पीलीभीत-शाहगढ़ खंड का सीआरएस निरीक्षण कराने की कवायद में तेजी से जुटी हुई है। हालांकि दिवाली और छठ पूजा के कारण अधिकांश लेबर घरों को लौट गए हैं। अब बंगाल से ट्रेंड लेबर बुलाकर काम तीव्र गति से कराने की योजना है। सब ठीकठाक रहा तो क्षेत्रवासियों को होली से पहले मैलानी से पीलीभीत तक सीधे ट्रेन की सौगात मिलने की उम्मीद है।
पीलीभीत-शाहगढ़ के बीच बीस से शुरू होगा वायरिंग का काम
मैलानी। पीलीभीत से शाहगढ़ के बीच वायरिंग का काम बीस नवंबर से शुरू हो जाएगा। ऐशबाग-पीलीभीत रेल विद्युतीकरण परियोजना आरवीएनएल के जीएम केएम विश्वकर्मा ने बताया कि बीस नवंबर से वायरिंग शुरू कर करंट भी प्रवाहित किया जाएगा। उन्होंने ट्रैक के आसपास के निवासियों से खंभों के पास न जाने और न ही जानवरों को भी ट्रैक के आसपास नहीं ले जाने की अपील की है। अन्यथा जानमाल की क्षति हो सकती है।
वर्जन:
शाहगढ़ से पीलीभीत के बीच आमान परिवर्तन का काम चल रहा है। वन विभाग की तमाम अड़चनों को दूर करते हुए दिसंबर तक कार्य पूरा कर जनवरी या फरवरी के पहले हफ्ते में सीआरएस निरीक्षण कराने की कोशिश है।
मधुर गोयल, सीनियर इंजीनियर
आरवीएनएल इज्जतनगर-पीलीभीत
माला में विद्युतीकरण की तैयारी कराते आरवीएनएल इंजीनियर मधुर गोयल
माला में विद्युतीकरण की तैयारी कराते आरवीएनएल इंजीनियर मधुर गोयल