पलियाकला। शारदा नदी की बाढ़ से अतरिया के आगे पुलिया कटने के 17 दिन बीतने के बाद भी पलिया-भीरा राजमार्ग पर बड़े वाहनों का संचालन शुरू नहीं हुआ है। इससे व्यापारी समेत हर वर्ग को दिक्कतें हो रही हैं। बृहस्पतिवार को सड़क पर पानी भी नहीं बहा। एनएचएआई के अनुमति देने के बाद ही बड़े वाहनों का संचालन शुरू होगा।
शारदा नदी का जलस्तर बनबसा बैराज से पानी रिलीजिंग न होने के चलते घट गया है। नदी का पानी सड़क के किनारों से भी घटने लगा है। इसके बावजूद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अतरिया के आगे बनाई पुलिया से बड़े वाहनों के निकलने की एनओसी नहीं दी है। अधिकारियों के अनुसार, पानी कम हो तो काम शुरू कराया जाए। मरम्मत कर बड़े वाहनों के संचालन योग्य बनाया जाए।
फिलहाल, पलिया से जिला मुख्यालय जाने के लिए केवल पलिया-निघासन मार्ग ही छोटे व बड़े वाहनों के लिए चल रहा है। बृहस्पतिवार को भी पलिया-भीरा मार्ग से केवल छोटे वाहन ही गुजरे, जबकि बड़े वाहन प्रतिबंधित रहे। एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि पुलिया अभी कमजोर है, बड़े वाहनों का लोड हो सकता है न उठा पाए।
एनएचएई की तरफ से भी बड़े वाहनों को न निकालने के लिए लिखित में दिया गया है। एनएचएआई अगर बड़े वाहनों को निकलने की अनुमति देता है तो फिर से वाहनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
बाढ़ गई लेकिन खेल मैदान में जमा पानी दे रहा बीमारियों को दावत
25lkh_30
संपूर्णानगर। पब्लिक इंटर कालेज के खेल मैदान में आठ जुलाई को आई बाढ़ से मैदान जलमग्न हो गया था। गंदा पानी, कूड़ा करकट व गंदगी बहकर आ गई थी। पानी उतर गया है लेकिन खेल मैदान में अभी भी गंदा पानी भरा हुआ है, जो बीमारियों को दावत दे रहा है। खेल मैदान के पास ही बाजार है। प्राइमरी स्कूल, इंदिरा शिक्षा निकेतन, डाकघर, पशु अस्पताल भी मैदान के पास से ही जाना पड़ता है। गंदा पानी भरा होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। संवाद
मोहाना नदी के कटान की जद में आई एपीएफ की चौकी
धनगढ़ी। पहाड़ों पर भीषण बारिश से कैलाली जिले की कर्णाली व मोहाना नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। कैलाली जिले की कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। धनगढ़ी के वार्ड 19 लल्लीपुर गांव में नेपाल सशस्त्र पुलिस बल एपीएफ की चौकी की तरफ मोहाना नदी ने कटान शुरू कर दिया है। जवानों को वहां से हटाकर चौकी इंचार्ज यज्ञराज भट्टराई की कमांड में सामुदायिक भवन में रखा है। नदी में आई बाढ़ से कटान में चौकी का प्रतीक्षालय, संयंत्री पोस्ट, आंगन कट गया, जिस कारण वहां से चौकी हटाई है। वार्ड अध्यक्ष बाधूराम चौधरी ने बताया कि एपीएफ चौकी की स्थापना के लिए नई भूमि की तलाश की जा रही है और ऐसी जगह भूमि चिह्नित होगी, जहां मोहाना नदी कटान न कर सके। संवाद
संपूर्णानगर के पीआईसी खेल मैदान में भरा पानी।