गोला में भगवान भोलेनाथ के दर्शन को खड़े शिवभक्त
गोला गोकर्णनाथ। पुरुषोत्तम मास सावन के तीसरे सोमवार पर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की आशंका के बीच नगर के सभी मार्गों पर सख्त बैरिकेडिंग कर दी है। नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। शहर के अंदर के सभी स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे। सोमवार के ब्रह्म मुहूर्त में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों ने रविवार की शाम से ही छोटी काशी में डेरा जमाना जमा लिया।
पौराणिक शिव मंदिर परिक्षेत्र में अंबेडकर तिराहे से लेकर शिव मंदिर परिसर तक नौ बैरियर पार कर भक्तों को भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए जाना पड़ रहा है। नगर के बाहर लखीमपुर रोड पर साजिद नगर, बजाज चीनी मिल गन्ना यार्ड, कृषि उत्पादन मंडी समिति में पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए नगर सीमा पर बैरिकेडिंग सख्त कर दी गई है।